यह साल फिदेल कास्त्रो (Fidel Alejandro Castro Ruz) की जन्मशती का है। वे बीते अगस्त में सौ साल के पूरे हुए थे। इसी साल उन्हें गुजरे एक दशक हो जाएगा। उनकी दसवीं पुण्यतिथि 25 नवंबर को है। इस बहाने क्यूबा की क्रांति के बाद उभरे वहां के सिनेमा में कास्त्रो की भूमिका की पड़ताल करने का अच्छा अवसर है। ऐसा इसलिए क्योंकि रूस में लेनिन के बाद दुनिया के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष ने एक नई राजनीतिक व्यवस्था की उपलब्धियों को दर्ज करवाने के लिए सिनेमा की संभावनाओं को वैसे नहीं तलाशा, जैसा कास्त्रो ने किया; साथ ही उन क्षेत्रों की पड़ताल भी सिनेमा के सहारे की जहां और बेहतर काम किया जाना बाकी था। इस प्रयोग में ज्यादा जोर डॉक्युमेंटरी पर रहा, लेकिन फीचर फिल्में भी उनके एजेंडे में शामिल थीं।
जिस तरह 1917 की बोल्शेविक क्रांति की प्रासंगिकता से दुनिया को जागरूक करने की जिम्मेदारी जीगा वर्तोव को दी गई थी, उसी तरह का काम 1959 के बाद वाले क्यूबा में सांतियागो अल्वारेस (1919-1998) को सौंपा गया था। विडम्बना देखिए कि अल्वारेस शुरू में पैसा बनाने के लिए अमेरिका चले गए थे, लेकिन वहां के पूंजीवाद की हकीकत को करीब से देखने के बाद उनके दिमाग में समाजवाद की घंटी घनघनाने लगी और वे वापस अपने देश क्यूबा लौट आए।
क्यूबा के फिल्मकारों की पुरानी पीढ़ी में सर्वाधिक पहचाने जाने वाले फिल्मकार रहे तोमास एलिया (1928-1996), लेकिन उस कतार के सबसे प्रमुख रखवालों की बात जाय तो हमारे सामने फिल्मकार अम्बर्तो सोलास आते हैं जिनकी मौत 66 बरस की उम्र में ही 17 सितम्बर, 2008 को कैंसर से हो गई। एलिया ने कई विषयों और क्षेत्रों पर काम किया (उनकी फिल्में मेमोरीज़ ऑफ अंडरडेवलपमेंट, डेथ ऑफ ए ब्यूरोक्रेट, अप टु ए प्वाइंट, द लास्ट सपर, चॉकलेट ऐंड स्ट्रॉबेरी, आदि इसका गवाह हैं)। दूसरी ओर सोलास को जिस चीज के लिए पहचाना जाता है, उसे वे खुद ‘ऐतिहासिक मेलोड्रामा’ कहा करते थे। उनकी ऐसी फिल्में बीसवीं सदी के क्यूबा के राजनीतिक, समााजिक, कलात्मक और निजी यथार्थों के संदर्भ में चित्रित थीं।
इंकलाबी चेतना के रखवाले

जिन विशिष्ट स्थानीय परिस्थितियों में क्यूबा की क्रांति हुई, वैसे में वहां के देसी फिल्मकारों को ही अपने समाज की चेतना की रखवाली करने का बीड़ा उठाना पड़ा। 1959 की क्रांति के बाद परिपक्व हुए ऐसे फिल्मकारों की पहली पीढ़ी के सदस्य रहे अम्बर्तो सोलास, जिनका जन्म हवाना के एक साधारण परिवार में हुआ था। किशोरावस्था में ही सोलास ने औपचारिक शिक्षा को छोड़ दिया और शहरी छापामार क्रांतिकारी बन गए। बाद में उन्होंने याद करते हुए उस दौर के बारे में बताया, ‘वह समय पढ़ने-लिखने की कोशिश करने के लिहाज से बहुत अस्थिर था। या तो बातिस्ता (क्यूबा का तानाशाह और अमेरिकी पिट्ठू) युनिवर्सिटी बंद करवा देता था या फिर हम लोग।‘
क्रांति से पहले सोलास को एक फिल्मकार बनने की गुंजाइश सपना जान पड़ती थी, तो भी उन्होंने किसी तरह एक लघु फिल्म बनाई जिसके बाद उन्हें क्यूबन फिल्म इंस्टिट्यूट (आइसीएआइसी) से काम का न्योता आया। यह संस्थान क्रांति के तुरंत बाद 1959 में ही खुला था और उसी वक्त सोलास को वहां टाइपिस्ट की नौकरी के लिए बुला लिया गया था। वहां के अधिकारियों को लगता था कि दूसरे लोगों की लिखी पटकथा टाइप करने के दौरान इस नए रंगरूट को कई मामलों में, खासकर राजनीतिक और कलात्मक मामले में, फायदा मिलेगा।
आइसीएआइसी उस वक्त अफ्रीका और एशिया के सिनेमा के विद्यार्थियों और फिल्मकारों को भी पढ़ने-लिखने, सीखने और बढ़ने के मौके दे रहा था। संस्थान द्वारा चलाये जा रहे इस कार्यक्रम के प्रणेताओं में अर्जेंटीना के महान नवयथार्थवादी फिल्मकार फर्नांदो बीरी, कोलम्बियाई लेखक-फिल्मकार गाब्रिएल गारसीया मार्केज़, और ‘इम्परफेक्ट सिनेमा’ के जबरदस्त पैरोकार क्यूबा के हूलियो गारसीया एस्पीनोज़ा शामिल थे। समय-समय पर इन्होंने कुछ भारतीय फिल्मकारों को भी अपने कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए बुलाया। उनमें मृणाल सेन और आनंद पटवर्द्धन भी थे। एस्पिनोज़ा के ‘हाथ के कैमरे से बने दानेदार श्वेत-श्याम फुटेज वाले’ सिनेमा की तारीफ करते हुए पटवर्द्धन ने कहा कि ‘उसके फिल्माये संघर्षों की छाप उसके ऊपर दर्ज है’। कालान्तर में आइसीएआइसी ने समूचे लैटिन अमेरिका में जनता के प्रामाणिक सिनेमा के विकास में महती भूमिका निभायी।
वैसे तो क्यूबा के फिल्मकारों के लिए एक खास सामाजिक परिप्रेक्ष्य और लोकप्रिय अनुभवों की विस्तृत पड़ताल पर आधारित डॉक्युमेंटरी बनाना प्रथा जैसा थी, पर सोलास ने शुरुआत में कुछ लघु फिक्शन भी बनाए। वे इस बात से बिलकुल सचेत थे कि भौतिक रूप से अविकसित क्यूबा जैसे समाज में उनकी वे फिल्में सांस्कृतिक हीनता और अलगाव की छवियां लेकर आती थीं। ऐसा अहसास उनमें अकेले नहीं था। तीनों उपनिवेशित और नव-उपनिवेशित महाद्वीपों के सबसे हुनरमंद रचनाकारों में भी यह भाव पाया जाता था, चूंकि वे यूरोपीय और पश्चिमी फिल्मों की शैली की ताकत और श्रेष्ठता से चमत्कृत रहते थे। अपने करियर के इस चरण के बारे में सोलास ने अफसोस से एक बात कही थी, ‘इनमें से किसी भी फिल्म में न तो मैं हूं, न मेरी पीढ़ी, न ही मेरा देश।‘
यही वह निर्णायक अहसास था जिसने सोलास को एक नई चेतना के साथ क्यूबा की वास्तविकताओं को देखने-समझने की ओर मोड़ने का काम किया। इसी का नतीजा रहा कि उन्होंने अपने सिनेमा के लिए ऐतिहासिक विषयों को चुनना शुरू किया। उनके अनुसार, क्यूबा में ऐतिहासिक फिल्मों की अहमियत का श्रेय अतीत में उसके इतिहास को ‘बुर्जुआ चश्मे से देखे जाने’ को जाता है। सोलास कहते हैं, ‘हमारे पास अपने राष्ट्रीय अतीत को लेकर एक सुसंगत, स्पष्ट और गरिमामय प्रशंसा का अभाव था।‘ अपनी फिल्मों को ‘ऐतिहासिक मेलोड्रामा’ की संज्ञा देते हुए सोलास दरअसल उस मार्क्सवादी परिप्रेक्ष्य को रेखांकित कर रहे थे जिससे ऐतिहासिक घटनाओं और निजी मनोविज्ञान की भौतिक व्याख्या की जा सकती हो।
ऐतिहासिक फिल्मों के उदाहरण स्वरूप सेर्जियो जिराल की फिल्म द अदर फ्रांसिस्को, ओक्तावियो गोमेस की द फर्स्ट चार्ज ऑफ द मशेटी या खुद सोलास की बनाई लूसिया को हम देख सकते हैं, जो क्यूबा के इतिहास के तीन उथल-पुथल वाले दौर 1890, 1930 और 1960 के दशकों में जीने वाली तीन औरतों की कहानी है। पोर्ट्रेट ऑफ टेरेसा के लिए मशहूर अपने साथी फिल्मकार पास्टर वेगा (1940-2005) की ही तरह- जिन्होंने अपनी अभिनेत्री पत्नी डेज़ी ग्रानाडोस को उसमें फिल्माया था- सोलास भी अपनी फिल्मों में प्राय: औरतों को केंद्रीय भूमिका में रखते थे। वे मानते थे कि एक अधीनस्थ समूह के बतौर औरतें अपने समाज के विरोधाभासों को ज्यादा गहरे महसूस करती हैं और बहुत जल्दी उन्हें समझने लग जाती हैं।
मसलन, क्यूबा के समाज में एक खास किस्म की लैटिन अमेरिकी मर्दानगी के कायम रह जाने का विरोधाभास, जिसकी लूसिया के अंतिम हिस्से में सोलास ने क्लासिक आलोचना की है। लैटिन अमेरिकी समाजों में निजी बरताव और सामूहिक मनोविज्ञान से जुड़े इस जबदस्त नकारात्मक मुद्दे पर जब भी कोई गंभीर चर्चा होगी, यह आलोचना लंबे समय तक उसका संदर्भ बिंदु बनी रहेगी। सोलास का इस बारे में कहना था, ‘निजी संपत्ति की रक्षा में घुटन भरे, संकुचित और आदिम इंसानी रिश्तों का जो स्वांग रचा जाता है वह सबसे ज्यादा औरतों के मामले में उजागर होता है, जो मानवता का आधा हिस्सा हैं। आर्थिक शोषण का दीनहीन जलसा यहीं पर लगता है।‘
सोलास ने जब तक उन ओम्ब्रे डी एक्सीटो (ए सक्सेसफुल मैन) नहीं बनाई, तब तक पश्चिम के फिल्मकारों की सम्मानित कतार में वे शामिल नहीं हुए। कहने की जरूरत नहीं कि सोलास की फिल्म कला को समझने की पश्चिम की क्षमता का इससे अंदाजा लग सकता है। उनकी यह फिल्म ऑस्कर में विदेशी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नामांकित हुई। इस फिल्म में सोलास का कैनवास बहुत चौड़ा था। उसमें राजनीतिक इतिहास, निजी लक्ष्य, भावनात्मक रिश्ते, सब कुछ शामिल थे। साथ ही एक प्रयोगात्मक सौंदर्यशास्त्र को साधने की भी कोशिश उन्होंने की। फिल्म की कहानी करीब तीस वर्षों की अवधि में फैली हुई है जहां अलग-अलग विचारधारा और महत्त्वाकांक्षा वाले दो भाइयों की निजी जिंदगी और सार्वजनिक करियर को आमने-सामने रखा गया है।
ए सक्सेसफुल मैन न कई कलात्मक और विचारधारात्मक सरोकारों को दर्शाती है जिससे सोलास को सामान्यत: जोड़कर देखा जाता था। यह फिल्म उथल-पुथल भरे दौर में पुरुषों और स्त्रियों के राजनीतिक और मनोवैज्ञानिक विकास की, उनके तौर-तरीकों और नैतिकताओं की एक तीखी आलोचना है। यह कहानी अनिवार्यत: क्यूबा की है पर इसमें सार्वभौमिक अनुभवों की गूंज है। संत, चोर, मूर्ख, कायर, हीरो, पागल, वेश्याएं और ‘सफल पुरुष व स्त्रियां’ इस छोटे से मास्टरपीस का अंग हैं। उन्हीं की अनुकृतियां सड़कों पर चलती फिरती हैं, छायाओं में मंडराती हैं, अपहचाने बिस्तरों को गरमाती हैं, सीढ़ियां चढ़ती हैं, या धरती के किसी कोने में अपनी जान दे देती हैं; और कभी-कभार सफल जिंदगी बिताने में इतनी कठिनाई झेलती हैं कि उनके चेहरे की रंगत मुर्दा हो जाती है, जिसे सोलास बहुत स्पष्टता के साथ उभारते हैं। फिल्म के खत्म होने तक दर्शक हो सकता है कि खुद से पूछ रहा हो, और निर्देशक भी- कि सफल आदमी कौन है? वह, जो अपने आदर्शों के लिए जीता और मर जाता है या वह जो विश्वासघातों के सहारे जिंदगी काट देता है और हर दिन तिल-तिल के मरता है?
अमेरिकी बंदिशें बनाम सिनेमाई प्रयोग
क्यूबा के सिनेमा का जैसा क्रांतिकारी अनुभव और प्रयोग रहा, वहां यह अपरिहार्य ही था कि वहां के फिल्मकारों को राजनीतिक चिंतक और विचारक की भूमिका भी निभानी पड़ी। उन्हें रचनात्मक परचे लिखने पड़े तो आलोचनात्मक प्रचार भी करना पड़ा।
ढाई सदी की अमेरिकी आजादी हम सबके लिए एक अफसोस और खतरा क्यों है
भारत के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में जूरी अध्यक्ष के बतौर 1997 में दिल्ली आए सोलास से एक सवाल पूछा गया था, कि तीन महाद्वीपों (जिसे बहुत से लोग लापरवाही में तीसरी दुनिया कह देते हैं) के सिनेमा को हॉलीवुड और यूरोपीय सिनेमा के प्रभुत्वकारी हितों के बरअक्स नियमित रूप से जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, उस पर उनका क्या कहना है। सोलास का जवाब आज से चार दशक पहले जितना प्रासंगिक था, उतना ही आज भी लगता है:
‘तीसरी दुनिया वैसे तो बहुत अलग-अलग है, इसलिए मैं केवल लैटिन अमेरिकी सिनेमा पर बात कर सकता हूं। सबसे बड़ी समस्या हमारे सामने वितरण की है। अच्छी बात है कि हम इतनी सारी फिल्में बनाते हैं और फिर भी वितरण की समस्या झेलते हैं, सिर्फ इसलिए क्योंकि सारे वितरण तंत्र के ऊपर उत्तर अमेरिकी वितरकों का दबदबा है। मसलन, बोलीविया के एक दर्शक को जितनी दिक्कत भारत की फिल्म देखने में आएगी उतनी ही अर्जेंटीना की फिल्म देखने में भी आती है। इसीलिए अब हमारे यहां फाउंडेशन ऑफ न्यू सिनेमा इन लैटिन अमेरिका है जो हवाना में है, जिसके तमाम कामों में एक काम ज्यादा से ज्यादा लैटिन अमेरिकी फिल्में हासिल करना है और साथ ही हर लैटिन अमेरिकी देश में कम से कम एक थिएटर खरीदना है। बड़ी नाटकीय स्थिति है कि वेनेजुएला में लोगों को लैटिन अमरिकी फिल्म तभी देखने को मिलती है जब उसे ऑस्कर या कॉन्स में कोई पुरस्कार मिला हो। क्यूबा अकेला देश है जहां समूचे लैटिन अमेरिका में बनी फिल्में देखी जा सकती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां के वितरण तंत्र पर हमारा नियंत्रण है।‘
क्रांतिकारी प्रयोग के ऐसे फायदे शानदार हैं, हालांकि अब भी अधूरे हैं। इस बारे में क्यूबा के राजनीतिक और बौद्धिक नेतृत्व की ओर से भी समय-समय पर स्वीकार्यता आती रही है, जो अहम है। साथ ही, राष्ट्र-निर्माण की प्रक्रिया में आड़े आने वाले कमजोरी के ऐसे क्षेत्रों को लेकर व्यापक जागरूकता ऐसे परिपक्व और संघर्षरत जन को दिखाती है जो बेहद कठिन वैकल्पिक रास्तों से अपनी नियति को गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कहने की जरूरत नहीं कि सामान्य तौर से कला और संस्कृति तथा विशेष रूप से सिनेमा को 1959 के बाद जिस तरह से परिकल्पित किया और हकीकत की जमीन पर उतारा गया, उसने इस नियति को गढ़ने में अनिवार्य भूमिका निभाई है। क्यूबा का समकालीन सिनेमा यदि प्रतिरोध और लचीलेपन दोनों के संकेत देता है, तो ऐसा आंशिक रूप से इसलिए है क्योंकि देश के सियासी हलकों में यह अहसास बढ़ता जा रहा है कि वॉशिंगटन की तरफ से आने वाले नए-नए प्रतिबंधों और धमकियों का सामना करने के लिए नई रणनीतियों को अपनाए जाने की जरूरत है।

कोई और देश होता, छोटा चाहे बड़ा, तो अमेरिका के दबाव में कुछ महीने नहीं तो कुछ बरसों में जाने कब का ढह गया होता। क्यूबा के लोग केवल अपने संकल्प में मजबूत नहीं हैं। उन्हें जो थोड़ा-बहुत बाहरी समर्थन मिला, उसके कारण उन्होंने घुटने टेकने से इनकार किया है। निश्चित रूप से दुनिया के तमाम हिस्सों में मौजूद कलाकारों और उनके समूहों की ओर से आए आश्वस्तकारी शब्द और कृत्यों ने इस तंगहाल देश के माथे पर मरहम का काम किया है, जो फरवरी 1962 से ही लगातार अमेरिकी दबावों के खिलाफ संघर्ष कर रहा है, जब राष्ट्रपति पद की ताकत का मनमर्जी इस्तेमाल करते हुए स्वीकार्य लोकतांत्रिक कसौटियों के उल्लंघन में जॉन एफ. केनेडी ने क्यूबा को घुटनों पर लाने के लिए पहले आर्थिक और व्यापारिक प्रतिबंध थोपे थे।
उसके बाद से क्यूबा की क्रांति और उसकी विरासत को नष्ट करने के अपने प्रयासों में कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति लगातार उतना दुष्ट, बर्बर और तंगदिमाग नहीं रहा जितना डोनाल्ड ट्रम्प हुआ है। एक दिन भी नहीं बीतता जब अपने दूसरे कार्यकाल में चल रहा यह शख्स हवाना को धमकाने के लिए गीदड़भभकियां न देता हो। यह स्थिति क्यूबा के समाजवादी शासन के लिए और बुरी इसलिए हो जाती है क्योंकि लैटिन अमेरिका के तमाम देशों में, अर्जेंटीना और चिली से लेकर बोलीविया और पेरू तथा कोलम्बिया और इक्वेडर तक, ट्रम्प के धुर दक्षिणपंथी पिट्ठुओं की सिलसिलेवार चुनावी जीत हुई है। पहले इन देशों में वामपंथी या वाम रुझान वाली सरकारें हुआ करती थीं। उनके क्यूबा के साथ दोस्ताना रिश्ते थे। आज इन देशों का राजनीतिक नेतृत्व या तो अमेरिका के कहे में या फिर खुद से ही क्यूबा के खिलाफ हो चुका है। इन सबको लगातार डर बना हुआ है कि कहीं इन्हें भी वेनेजुएला की तरह कब्जा न लिया जाय!
सिएरा मेस्त्रा की विरासत
अमेरिका को उसकी लगाई आर्थिक बंदिशों का एक नहीं, कई बार जवाब मिला है। उसका माध्यम सिनेमा रहा है। उसे जवाब भी नहीं, बल्कि सिनेमाई विखंडन कहना ज्यादा उपयुक्त होगा। उनमें से कम से कम एक की चर्चा यहां की जा सकती है। इसलिए, क्योंकि वह विखंडन क्यूबा की ओर से नहीं बल्कि एक सुदूर देश से आया था। यह बताता है कि क्यूबा की क्रांति की विरासत की अंतरराष्ट्रीय पहुंच कितनी व्यापक थी।
सर्बिया के एक प्रतिष्ठित डॉक्युमेंटरी निर्माता गोरान रादोवानोविच 2011 में क्यूबा आए। उन्होंने इस हैरान परेशान देश की बेहद खूबसूरत और सघन यात्रा की। इस यात्रा में उन्होंने यहां की आत्मा को कैद कर लिया। उन्होंने यह मूल बात पकड़ ली कि क्यूबा के लोगों के लिए आजादी और आत्मसम्मान से ज्यादा मूल्यवान चीज कोई नहीं है, और इसे इतिहास की कसौटी पर आजमाया जा चुका है। इसी सरोकार से ओतप्रोत रादोवानोविच ने 50 मिनट लंबी एक फीचर फिल्म बनाई और उसे नाम दिया विद फिदेल, वाटेवर हैपेन्स। क्यूबा पर बनाई रादोवानोविच की यह फिल्म मजबूत सामाजिक-राजनीतिक कथ्य के साथ आख्यान के रूपों के साथ प्रभावशाली प्रयोग का एक मिश्रण है- बिलकुल उनकी पुरानी फिल्मों की तरह, जैसे एक जबरदस्त अवसादपूर्ण फिल्म चिकेन इलेक्शन्स, जिसमें मुर्गियां पालने वाली एक बूढ़ी दादी अगले दिन होने वाले चुनाव में भाग नहीं ले पाती क्योंकि पिछली शाम उसकी मौत हो जाती है।
इस फिल्म में रादोवानोविच अपनी एक खास सिनेमाई भाषा गढ़ने की हदों तक जिस तरह पहुंचते हैं, वह आह्लादकारी है। यथार्थ को बरतने के मामले में यह निर्देशक आपको बेहद संजीदा लग सकता है, लेकिन आम जनजीवन के बारे में, कला के बारे में, और कुछ खास सामाजिक मसलों पर अपने खयालात जाहिर करने में वह ज़ायकेदार विडम्बनाओं का सहारा लेता है जो लोकप्रिय उभारों पर लोगों की प्रतिक्रियाओं से निकले हैं। फिल्म अपनी संरचना में आवधिक है, मोटे तौर से यथार्थवादी शैली की है और ज्यादातर लंबे और मझोले शॉट पर भरोसा करती है, क्लोज़-अप पर नहीं, ताकि अनावश्यक भावनात्मकता से बचने के लिए दर्शक को एक दूरी का अहसास करवाया जा सके।


यह फिल्म हवाना से पूरब में 850 किलोमीटर दूर स्थित सिएरा मेस्त्रा में फिल्मायी गई है। निर्देशक ने प्रतिरोध और उसकी बहाली की कोशिशों की कहानी सुनाने के लिए क्यूबा की क्रांति की बावनवीं वर्षगांठ के जलसे से एक दिन पहले का चुना है। क्रांति की निरंतरता को दर्शाने के लिए फिल्म के किरदार भीड़ के बीच से चुने गए हैं जो अपने-अपने काम में इतने मसरूफ़ हैं कि कभी-कभार अपने दुख-दर्द भी भुला देते हैं।
मसलन, एक बूढ़े शख्स को एक पुरानी-धुरानी मोटरसाइकिल ठीक करते हुए दिखाया गया है जिसे चले कई गर्मियां बीत गईं। एक नौजवान दंत चिकित्सक सुदूर पहाड़ी इलाके में स्थित अपने क्लीनिक पैदल ही चला जा रहा है, फिर उसे एक खच्चर पर चढ़ा दिखाया जाता है और आगे एक जर्जर बस में सफर करते, जो आगे बढ़ने से ज्यादा खड़खड़ करती है। यह सब वह इसलिए कर रहा है क्योंकि अपने बेचैन मरीजों से मिलने का वादा उसे पूरा करना है। उनमें एक मरीज का नाम है व्लादीमिर इल्यीच रोड्रिगेज़ (जो आज भी केरल या तमिलनाडु की सड़कों पर यदाकदा मिल जाने वाले किसी लेनिन या स्टालिन की याद दिलाता है)। अंत में अधेड़ उम्र का एक दम्पत्ति परदे पर आता है जो अपने पड़ोसी को रोज अपना टेलिफोन इस्तेमाल करने देता है क्योंकि उसके यहां फोन नहीं है- शायद अपने गुजर चुके बेटे की याद में, जिसकी तस्वीर बैठक में टंगी हुई है।
आपसदारी की ये कहानियां शायद इस बात को समझने में मदद कर सकें कि 1959 में हुए लोकप्रिय उभार तमाम उतार-चढ़ावों और झटकों के बावजूद अब तक कैसे और क्यों बचे रह गए हैं, भले ही आज कितने भी कमजोर पड़ चुके हों। उस क्रांति की बहाली और उसे ताजादम करने की कोशिशें भी इन कहानियों में झलक सकती हैं। इस बारे में रादोवानोविच को खुद सुनिए:
‘इन लोगों (बूढ़ा, दंत चिकित्सक और दम्पत्ति) और सिएरा मेस्त्रा के तमाम और लोगों की किस्मत वैचारिक हर्षोन्माद के दिन दर्शायी गई है… और अगले दिन? वे सब रोजमर्रा की जिंदगी की धुन पर आदतन वापस लौट जाते हैं, जो एकरस है और बहुत आश्वस्तकारी नहीं है। सबको ये बात पता है। यहां तक कि हाथ वाले जिन लाउडस्पीकरों से लगातार विचारधारा वाले नारे लगाए जा रहे हैं वे भी 52 साल पुराने पड़ चुके हैं… फिर भी इंकलाब जारी है।‘
रादोवानोविच की फिल्म में दिखने वाली ऐसी छवियां विनाश और क्षय की कहानी कहती हैं, लेकिन साथ ही नाफरमानी की दास्तान भी सुनाती हैं। उस दृढ़संकल्प इच्छाशक्ति को दर्शाती हैं कि बचे-खुचे टुकड़े वापस समेटकर सफर पर आगे बढ़ते जाना है। यहां कुछ भी काम नहीं कर रहा- सार्वजनिक परिवहन जर्जर हालत में है, खाने-पीने की चीजों के लाले पड़े हुए हैं और महंगाई है, लोग घिसे हुए कपड़ों में दिख रहे हैं और उनकी नजर भी घिसी हुई है- लेकिन यह राष्ट्र ठहर कर ठप पड़ जाने से इनकार कर रहा है।
यहां के स्कूल, अस्पताल, मनोरंजन केंद्र, सब खरामा खरामा चलते हैं, गिरते-पड़ते हुए, एक ऐसी मंजिल की तरफ जिसे पाने में शायद कुछ और पीढ़ियां लग जाएं, बशर्ते दबंग अंकल सैम बीच में अपनी फौज लेकर न धमक पड़ें। थोड़े विनोद, थोड़ी उदासी, हलके से गुस्से लेकिन ढेर सारे धैर्य और उम्मीदों के साथ क्यूबा के लोग पूर्णता की उस राह पर बढ़ते जा रहे हैं। यह निर्देशक का सिनेमाई कौशल और राजनीतिक परिपक्वता है कि वह इस संक्रमण के दौरान लोगों की भावनाओं पर से परदा उठाते हुए हमें परदे से चिपकाये रखता है।
और आज़ादी का स्वाद
आइए, जरा सोच कर देखें कि मनुष्यता के इतिहास में सबसे लंबी जंग क्यूबा कैसे लड़ रहा है। पिछले 67 साल से, यानी 1 जनवरी 1959 से लेकर अब तक बीता यहां का एक-एक दिन इस तरह गुजरा है गोया एक चतुर और साहसी गुबरैला एक पगलाये हाथी के पैरों तले खुद को कुचलने से बचाने का जतन कर रहा हो और इस कोशिश में अनगिनत विलक्षण हथकंडे अपना रहा है।
इन्हें भी पढ़ें
गुमशुदा बच्चों के नाम: माल्विनास की बर्बरताएं, मार्केज़ के विवरण और माँओं की बददुआएं
निरंकुशता के विरुद्ध : तख्तापलट के पचास बरस और चिली का प्रतिरोधी सिनेमा
मैं, पात्रीसियो गुज़्मान… संघर्षरत जनता के महान फिल्मकार की कहानी उन्हीं की जुबानी
यह सच है कि इस जंग में गोलियां नहीं चल रहीं, न ही बम गिराये जा रहे हैं, लेकिन इस छोटे से द्वीप का गला काटने के लिए कहीं ज्यादा घातक हथियारों को खुला छोड़ दिया गया है। यहां सुनने में अजीब लग सकता है, पर एक से ज्यादा फिल्मकारों ने इस अनंत से दिखने वाले युद्ध के ‘लाभप्रद प्रभावों’ को सामने लाने के लिए सिनेमा का इस्तेमाल किया है। केनेडी से लेकर ट्रम्प तक तमाम अमेरिकी राष्ट्रपति- वे चाहे डेमोक्रेट रहे हों या रिपब्लिकन- हवाना की पूंजीवाद-विरोधी, गरीब-हितैशी, परिवर्तनकारी सत्ता को अस्थिर करने के लिए यदि इतने बेचैन नहीं रहे होते तो शायद क्यूबा के लोग और उसके नेता कभी इस बात को समझ नहीं पाते कि इस देश की पैदाइश के बाद से लगातार जारी घेरेबंदियों के बीच क्रांति के फलों को बचाये रखने के लिए वे किस हद तक जा सकते थे।
रादोवानोविच ने अपनी जिंदगी के सबसे कठिन वर्ष भाई-भाई के बीच चली लंबी लड़ाई का अनुभव करते हुए बिताये थे, जिसकी परिणति युगोस्लाविया के विघटन में हुई। स्वाभाविक है कि एक अवांछित और अस्वीकार्य युद्धस्थिति के प्रति निजी और सामूहिक विरोध की प्रवृत्तियों को उनसे बेहतर कोई नहीं दर्शा सकता था, चाहे वह गृहयुद्ध हो या फिर बाहर के किसी देश की ओर से थोपी गई जंग। विद फिदेल, वाटेवर हैपेन्स में रादोवानोविच धैर्य का जो सौंदर्य दिखाते हैं, वह न सिर्फ उस बात के प्रभाव को ऊंचा कर देता है जिसे वह कहना चाह रहे हैं बल्कि फिल्म देखने के सुख और संतोष को भी बढ़ा देता है। स्थानीय देसी संगीत का कल्पनाशील प्रयोग इस फिल्म के सौंदर्य का एक प्रमुख तत्त्व है।
एक पुरानी समाजवादी महिला ने कहा था कि गरीबों-वंचितों को रोटी और गुलाब दोनों चाहिए। शायद इसी क्रम में- पहले रोटी, फिर गुलाब- हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया था। इससे बस इतना समझा जा सकता है कि वे जिस ‘गुलाब’ की बात कर रही थीं, उसका मतलब रूमानी प्रेम तो था ही, वह प्रेम भी था जो आम लोगों को अपने समाज और अपनी पैदाइश की धरती से होता है। विद फिदेल, वाटेवर हैपेन्स में गोरान रादोवानोविच क्यूबा की जिन आम जिंदगियों की झलक हमें देते हैं उनमें पर्याप्त नजाकत है और तनाव भी। यह जो तनाव है, वह इंसान की तरक्की, वजूद और मजबूती के एक ऐसे वैकल्पिक मॉडल की अथक तलाश का नतीजा है जहां किसी भी तरीके से भौतिक सुख जुटाने के मुकाबले मनुष्य का आत्मसम्मान और राष्ट्रीय सम्प्रभुता के प्रति उसका प्यार ज्यादा अहम हो जाता है। यही वह फर्क है जिसे समझने के बाद स्वतंत्रता दिवस के जलसे से घर लौटते पुरुषों, स्त्रियों और बच्चों को रेहड़ीवाले से खरीदे चना-चबैने में भी आजादी का स्वाद आ सकता है।